Sat. Jul 27th, 2024

News India19

Latest Online Breaking News

अयोध्या में होली की धूम,भक्त से लेकर भगवान तक रंगों से सराबोर

अयोध्या में होली की धूम,भक्त से लेकर भगवान तक रंगों से सराबोर

 

अयोध्या।रामनगरी अयोध्या होली के रंग में डूबी हुई नजर आ रही है।भव्य राम मंदिर में रामलला विराजमान हुए हैं।इसका उत्साह अब हर त्यौहार में दिखाई दे रहा है।रामनगरी में चारों तरफ होली की धूम मची है।मठ से लेकर मंदिरों तक भगवान को फगुआ सुनाया जा रहा है,होली के गीत सुनाये जा रहे हैं, रंग उड़ाए जा रहे हैं,फूल और अबीर की होली खेली जा रही है।रामनगरी के मंदिरों में अब उत्साह शुरू हो चुका है।रंगभरी एकादशी से ही रामनगरी में होली शुरू हो जाती है।सैकड़ों वर्ष पुरानी परंपरा है कि बजरंगबली अपने निशान के साथ रामनगरी में पंचकोश की परिक्रमा करते हैं।मंदिरों में जाकर होली का निमंत्रण देते हैं और इसी दिन से होली का हुड़दंग शुरू हो जाता है।

 

रामनगरी के मंदिरों में भगवान को भजन और फाग गीत के जरिए भी रिझाया जाता है। भगवान की आराधना की जाती है।लाल साहब दरबार में भी एक ऐसा ही नजारा दिखा। भगवान को फाग गीत सुनाया गया और ऐसे भजन,ऐसे फाग के गीत कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया,हर कोई नाच रहा था,रंग उड़े, फूल उड़े और भगवान के सामने लोग हाथ जोड़कर होली के हुड़दंग में झूमते नजर आए।भगवान की आराधना की यह विशेष प्रथा केवल अवध की होली में ही देखने को मिलती है और यह पारंपरिक ढंग से आगे बढ़ रही है।

 

बता दें कि रामनगरी अयोध्या में होली के कई रंग दिखाई देते हैं।साधु-संतों की मानें तो इस दिन वह किसी और के साथ नहीं बल्कि प्रभु राम के साथ होली खेलते हैं।चाहे वह सड़कों पर रंग गुलाल खेलते साधु संत हों या फिर मंदिरों में लोकगीत पर झूमते साधु संत।यहां भक्त से लेकर भगवान तक इस होली में रंग में सराबोर हुए हैं।

 

कनक भवन लाल साहब मंदिर के महंत रामनरेश शरण ने बताया कि होली की धूम पूरी दुनिया में देखने को मिल रही है। उन्होंने ने बताया कि बसंत पंचमी से लेकर होली तक अयोध्या के लगभग सभी मठ मंदिरों में भगवान को अबीर और गुलाल अर्पित किया जाता है।रंग पंचमी, रंगभरी एकादशी और बसंत पंचमी के दिन मठ मंदिरों में भक्त के साथ भगवान भी होली के रंगों में रंगे नज़र आते हैं।हजारों की संख्या में भक्त होली के गानों पर डांस करते हुए नजर आ रहे है।

श्रद्धालु भानु प्रताप सिंह ने बताया कि अवध की होली बहुत अद्भुत होली होती है।प्रभु राम के विराजमान होने के बाद यह पहली होली है, जिसे अयोध्या के श्रद्धालु, साधु-संत राम की होली के तौर पर मना रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोग भगवान के साथ होली खेलते नजर आ रहे है।आज प्रभु राम को अबीर और गुलाल अर्पित कर हमने भी होली खेली है।

विज्ञापन 3

LIVE FM